July 14-20,2025 प्रतिवेदन श्रीशंकर शिक्षायतन वैदिक शोध संस्थान, नई दिल्ली के द्वारा दिनांक 14-20 जुलाई 2025 तक अन्तर्जालीय माध्यम से सप्तदिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का समायोजन किया गया। यह कार्यशाला पण्डित मधुसूदन ओझा प्रणीत विज्ञानविद्युत् ग्रन्थ पर आयोजित थी। पं. ओझा के द्वारा प्रणीत यह लघु ग्रन्थ ब्रह्मविज्ञान में प्रवेश के लिए प्रारम्भिक ग्रन्थ है। इस ग्रन्थ में पाँच प्रकाश हैं। जिसमें पुर, पुरुष, परात्पर एवं निर्विशेष के रूप में चतुष्पाद् ब्रह्म का विवेचन हुआ है। यह ग्रन्थ कुल पाँच प्रकाशों में विभक्त है। कार्यशाला में प्रत्येक प्रकाश के विषय-वस्तु का विशेषज्ञ विद्वानों द्वारा उद्घाटन किया गया। प्रत्येक दिन दो विषय-विशेषज्ञों ने विषय पर व्याख्यान दिये एवं अध्यक्षीय वक्तव्य हुआ। इस सप्तदिवसीय कार्यशाला का विस्तृत विवरण अधोलिखित है- प्रथम दिवस (14.07.2025) : कार्यशाला के पहले दिन का विषय चतुष्पाद्-ब्रह्म विचार था जिसमें विषय विशेषज्ञ के रूप में बोलते हुए प्रो. रामानुज उपाध्याय, आचार्य, वेद विभाग, श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली ने कहा कि यह विज्ञानविद्युत् अत्यन्त पठनीय ग्रन्थ है। इस ग्रन्थ का प्रारम्भ चतुष्पाद् ब्रह्म से हुआ है। चतुष्पाद् का अर्थ है, जिसमें चार विषयरूपी पाद हों। ये पाद हैं- पुर, पुरुष, परात्पर और निर्विशेष। इस सृष्टि में जो कुछ भी पदार्थ बाह्य जगत् में देखा जाता है, वह सभी विकारों का समूह है। भूतग्राम और आत्मग्राम को पुर कहा गया है। भूतग्राम से तात्पर्य आकाश, वायु, अग्नि, जल और पृथ्वी है। आत्मग्राम से तात्पर्य ज्ञानेन्द्रिय से है। शास्त्र में आत्मा शब्द का अर्थ बुद्धि भी होता है। ब्रह्मसूत्र शांकरभाष्य में भी प्रज्ञामात्रा और भूतमात्रा की चर्चा मिलती है-‘तथा हि इदं यावद् इह किञ्चिद् बहिर्धा दृश्यते, सर्वोऽयं विकार-संघो भूतग्रामत्वाद् आत्मग्रामत्वात् च पुरम् इति अभिधीयते।’,विज्ञानविद्युत् पृ. २ दूसरे विषयविशेषज्ञ प्रो. श्यामदेव मिश्र, आचार्य, ज्योतिष विभाग, केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, लखनऊ परिसर ने कहा कि पुर का ही अर्थ शरीर होता है। विकारों का समूह ही शरीर है। यह विकार क्षरपुरुष में आश्रित रहता है। इस शरीर का प्रतिक्षण क्षरण होते रहता है। अव्ययपुरुष, अक्षरपुरुष और क्षरपुरुष इन तीन पुरुषों में क्षरपुरुष में शरीर को रखा जाता है। इन तीन पुरुषों से भिन्न यह शरीर नहीं है-‘क्षरपुरुषाश्रितोऽयं विकारसंघः शरीरम् उच्यते, इति उक्तम्, तच्च क्षरात्मकत्वात्, क्षरपुरुषेऽन्तर्भूतम् इति त्रिपुरुषात् न अतिरिच्यते किञ्चित्।’, विज्ञानविद्युत्, पृ. ८ द्वितीय दिवस (15.07.2025) : दूसरे दिन का विषय अक्षरतत्त्व विचार था जिसमें प्रो. विष्णुपद महापात्र, आचार्य, न्याय विभाग, श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली ने कहा कि अक्षर पुरुष पाँच प्रकार के हैं- ब्रह्मा, विष्णु, इन्द्र, अग्नि और सोम। इन पाँचो को दो भागों में केन्द्र और बाह्य रूप में विभक्त किया गया है। केन्द्र के लिए हृद्य शब्द का और बाह्य के लिए पृष्ठ शब्द का प्रयोग हुआ है। ब्रह्मा, विष्णु और इन्द्र ये तीन हृद्य हैं एवं अग्नि-सोम पृष्ठ्य हैं। इनमें ब्रह्मा को प्रतिष्ठाप्राण, विष्णु को आकर्षण प्राण और इन्द्र को उत्क्षेपण प्राण कहा गया है। उत्क्षेपण के द्वारा जो प्रतिष्ठित होता है, वह अग्नितत्त्व है। आकर्षण के द्वारा जो तत्त्व प्रतिष्ठित होता है वह सोम तत्त्व है। इस को एक सरल उदाहरण के द्वारा समझा जा सकता है। प्रतिष्ठा का अर्थ आधार होता है। ब्रह्मा रूप आधार पर विष्णु और इन्द्र प्रतिष्ठित हैं। विष्णु बाहर से तत्त्व को लाते हैं जस तत्त्व को विष्णु लाते हैं वह सोम है अर्थात् अन्न है। इन्द्र जिस तत्त्व को बाहर ले जाते हैं वह तत्त्व अग्नि है। यह मानव के शरीर में एवं प्रत्येक जीव के शरीर में घटित होता है- ‘तत्र प्रतिष्ठाप्राणं ब्रह्माणम् आहुः, आकर्षणप्राणं विष्णुः आहुः, उत्क्षेपणप्राणं तु इन्द्रम् आहुः, उत्क्षिप्तः प्रतिष्ठितोऽक्षर-विशेषोऽग्निः उच्यते, आकृष्टस्तु प्रतिष्ठितोऽक्षर-विशेषः सोम इति उच्यते।’, विज्ञानविद्युत्, पृ. १३ द्वितीय वक्ता के रूप में बोलते हुए प्रो. सतीश कुमार मिश्र, आचार्य, संस्कृत विभाग, हंसराज महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली ने कहा कि इस प्रकाश में अक्षर का ही विस्तार से वर्णन किया गया है। ब्रह्मा को वेद, विष्णु को यज्ञ, इन्द्र को प्रजा, अग्नि को लोक और सोम को धर्म कहा गया है। इस प्रारूप में अक्षर की व्याख्या की गयी है-‘एषु च पञ्चाक्षरेषु ब्रह्मा वेदमयः विष्णुर्यज्ञमयः इन्द्रः प्रजामयः अग्निर्लोकमयः सोमो धर्ममयः प्रतिपद्यते।’, वही, पृ. १९ तृतीय दिवस (16.07.2025) : तीसरे दिन का विषय अव्यय तत्त्व विचार था जिसमें अपने वक्तव्य में प्रो. रामराज उपाध्याय, आचार्य, पौरोहित्य विभाग, श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली ने बतलाया कि क्षरपुरुष को परिणामी कारण कहा गया है और अक्षर पुरुष को निमित्त कारण कहा गया है। इन दोनों तत्त्वों से विशिष्ट अव्यय पुरुष है। वह अव्यय पुरुष न कार्य है और न कारण है। यहाँ अव्यय पुरुष की कारणता का निषेध किया गया है परन्तु दूसरे प्रकार से अव्यय पुरुष को ही सर्वकारण कहा गया है-‘उक्तं पूर्वम्, क्षरपुरुषः परिणामि-कारणम्, अक्षरपुरुषो निमित्त-कारणम्, ताभ्यां यदन्यत्सोऽव्ययः पुरुषो न कार्यं न कारणम् इति। यद्यपि एवम् अस्मिन् अव्ययपुरुषे कारणत्वं निषिध्यते, तथापि प्रकारान्तरेण अस्य अव्ययपुरुषस्य एव सर्वकारणत्वं प्रत्येतव्यम्।’, वही, पृ २७ दूसरे वक्ता डॉ. कुलदीप कुमार, सहायक आचार्य, संस्कृत विभाग, हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला ने कहा कि अव्यय की पाँच कलाएँ हैं- आनन्द, विज्ञान, मन, प्राण और वाक्। इन पाँच कलाओं को दो भागों में विभाजित करते हैं। एक भाग में आनन्द, विज्ञान और मन है, दूसरे विभाग में प्राण, वाक् और मन है। दूसरा विभाग प्राण, वाक् और मन ये तीनों सृष्टि के कारण हैं। सृष्टि के लिए प्राण-वाक् उपादान है और विज्ञान-आनन्द सहकारी कारण है। विज्ञान और आनन्द के साथ मन-वाक् अनेक प्रकार के प्राण को उत्पन्न करता हुआ अनेक प्रकार की सृष्टि को उत्पन्न करता है। तथा विज्ञान, एवं आनन्द के साथ मन संसार से मुक्ति का कारण होता है-‘एषु पञ्चसु अव्ययधातुषु उत्तराभ्यां प्राण-वाग्भ्यां सहितं मनः संसाराय हेतुर्भवति। तत्र प्राण-वाग्भ्यां जगदुपादाने विज्ञानानन्दौ सहकारिणौ भवतः। विज्ञानेनान्देन च सहकृतं मनो वाचि भिन्न-विधान् प्राणान् सन्निवेश्य नानविधान् भावान् उत्पादयति। अथ विज्ञानानन्दाभ्यां सहितं मनो निस्ताराय हेतुर्भवति।’,वही, पृ. ३२ चतुर्थ दिवस (17.07.2025) : चौथे दिन का विषय परमेष्ठी तत्त्व विचार था जिसमें प्रथम वक्ता के रूप में प्रो. प्रयाग नारायण मिश्र, आचार्य, संस्कृत विभाग, इलाहावाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज ने परमेष्ठी के स्वरूप पर अपना विचार प्रस्तुत किया। उन्होंने बतलाया कि एक ईश्वर के शरीर में नाना विध स्वरूप वाला ब्रह्मा स्थित रहता है। उस ब्रह्मा का परमेष्ठी में, सूर्य में, पृथ्वी में एवं चन्द्रमा में स्थित रहने के काराण ही ब्रह्मा नानविध स्वरूप वाला बनता है। ईश्वर के शरीर में ब्रह्मा से प्रारम्भ करके चन्द्रमा तक अनेक शाखा…